Sunday, February 7, 2010

कर्ज में डूबे आटो चालक की ईमानदारी

रायपुर। ईमानदारी है तभी दुनियां चल रही है। आज के भागदौड़ भरी जिंदगी में कम ही ऐसे लोग है जो ईमानदारी का परिचय देते है। कर्ज में डूबे राजधानी के एक आटो चालक की ईमानदारी का हर कोई कायल हो गया है। आटो चालक द्वारा यात्रियों से लूट की घटनाएं लगातार सामने आने के कारण आटो चालकों को हर कोई संदेह के नजरों से देखता आ रहा था। लेकिन जिस तरह से टाटीबंध निवासी विनय गुप्ता ने एक यात्री के 70 हजार रुपए से भरे बैग को आटो में छूट जाने पर उसे संभाल कर रखा और दूसरे दिन एएसपी सिटी को लौटाया। इस ईमानदारी की चर्चा होने लगी है। मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम महासंमुद निवासी छात्र निखिल तलरानी अपने चाचा के साथ पंडरी कपड़ा मार्केट गया था। कपड़ा पसंद न आने पर दोनों आॅटो क्रमांक सीजी 04 टी 6353 में बैठकर शास्त्री चौक में उतरे। इस बीच निखिल के चाचा ने 68 हजार 5 सौ रुपए से भरा स्लेटी रंग का बैग आटो में ही छोड़ दिया था। आटो चालक विनय गुप्ता जब घर पहुंचा तो उसने वह बैग देखा। उसने बैग को खोलकर देखा,उसमे छूटे 68 हजार 5 सौ रूपए के आलावा कुछ कपड़े थे। हजार के 37 और 5 सौ के 64 नोट देखकर भी विनय की नियत नही डोली। रात में वह इस चिंता में सो नही सका कि पता नही किस यात्री का बैग है और कैसे इसके मालिक की तलाश करे। शनिवार को सुबह विनय ने टाटीबंद आटो यूनियन के अध्यक्ष सुनील तिवारी और महानगर अधयक्ष कमल पांडेय को यह जानकारी दी। यूनियन के सदस्यों के साथ वह एसपी कार्यालय पहुंचा। एसपी के बाहर होने के कारण सभी एएसपी सिटी रजनेश सिंह के पास गए। विनय गुप्ता ने सारी रकम श्री सिंह को सौंपा। आटो चालक की इस ईमानदारी से प्रभावित होकर श्री सिंह ने उसे गले लगा लिया। बताया गया कि आटो में रुपए से भरा बैग छोड़ने के बाद जब छात्र निखिल के चाचा को इसका ख्याल आया तो गोलबाजार थाने इसकी सूचना उन्होंने दर्ज करा दी थी। आज उन्हें यह रकम लौटा दी गई। विनय कुमार गुप्ता चाहता तो इन पैसों से अपने आॅटो की लोन की बकाया रकम 35 हजार रूपए चुका सकता था,लेकिन ऐसा न करके उसने ईमानदारी से रूपए पुलिस को सौंपने का फैसला किया। विनय के इस कदम के बाद राजधानी आॅटो संघ और पुलिस प्रशासन ने उसे ईनाम देने की घोषणा की है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों अनवर अली नामक आटो चालक ने भी एक यात्री का बैग प्रेस क्लब को सौंपा था।

1 comment:

  1. ईमानदारी को सलाम ,अरे आप उसकी फोटो भी प्रकाशित कीजिये ,ऎसी घटनाओं को बढ़ावा देने से माहौल अच्छा बनाता है

    ReplyDelete