Saturday, April 24, 2010

मुन्ना गिरोह पर संदेह मजबूत

बैंक डकैती मामले में बिहार और झारखंड में राजधानी पुलिस का डेरा
रायपुर। सुंदरनगर और उरला के बाद पंडरीतराई बैंक शाखा में दिनदहाड़े हुई लाखों की डकैती के मामले में असली डकैतों तक पहुंचने में नाकामयाब राजधानी पुलिस की टेढ़ी नजर बिहार के मुन्ना गिरोह पर अटक गई है। भरोसेमंद सूत्रों का दावा है कि डकैती का ठीकरा मुन्ना गिरोह के सिर फोड़ने की पूरी तैयारी है। डकैतों की तलाश में पुलिस की आठ टीम पटना, रांची, कोलकत्ता, इलाहाबाद तथा मप्र समेत विभिन्न राज्यों के फेरे लगातार लगा रही है। जानकार बताते हैं कि डकैतों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। हालांकि अफसरों का यह दावा है कि मुन्ना गिरोह ने ही बैंक डकैती की वारदातों को अंजाम दिया है। यही कारण है कि हवा में हाथ पैर मार रही पुलिस टीम की नजर फिलहाल बिहारी गैंग पर अटकी है। 6 अप्रैल 2010 को दिनदहाड़े भीड़-भाड़ वाले पंडरी कपड़ा मार्केट स्थित स्टेट बैंक में पांच नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने ग्राहकों और बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर 26.50 लाख रुपए ले भागे। इस मामले में पुलिस यह तक नहीं पता लगा सकी कि किस गिरोह का यह काम है, किस साधन से डकैत बाहर निकलने में सफल रहे और स्थानीय स्तर पर उनका लिंक कहां से जुड़ा था। पुलिसिया जांच अब तक हवा हवाई ही साबित हुई। खानापूर्ति के नाम पर बिहार, झारखंड, इंदौर, यूपी, कोलकत्ता और आसपास के जिलों में पुलिस पार्टी भेजी गई थी जिनमें अंधिकाश टीमें राजधानी लौटने के बाद पुन: रवाना हो गर्इं।
पुलिस के हाथ ऐसी कोई खास जानकारी नहीं लगी है जिसके आधार पर दावा किया जा सके कि बैंक में इसी गिरोह ने डकैती डाली थी। इससे पहले 2 दिसंबर 09 को सेंट्रल बैंक सुंदरनगर शाखा और 2 जनवरी को स्टेट बैंक उरला शाखा में हुई डकैती कांड की जांच भी इसी अंदाज से होने के कारण डकैतों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। ऐसे में पंडरी बैंक डकैती को अंजाम देने वाला गिरोह पकड़ में आ पाएगा, इसे लेकर लोगों में संदेह है।
हालांकि पुलिस अफसर कहते हैं, तीनों बैंक डकैतियों में डकैतों द्वारा अपनाए गए तरीके में कई समानताएं पाई गई हैं। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के अध्ययन के बाद चिन्हांकित गिरोहों की पतासाजी में विभिन्न राज्यों को भेजी गई पुलिस टीम को कई गिरोहों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इसमें बिहार के मुन्ना सिंह गिरोह का तौर-तरीका काफी कुछ मिलता-जुलता पाया गया है। मुन्ना गिरोह को पकड़ने पटना और रांची में एएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी लगातार कैंप कर रही है।

No comments:

Post a Comment